वाराणसी में 88.56 लाख से संवरेगा चार पार्कों का स्वरूप, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया शिलान्यास
काशी विश्वनाथ, महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मी देवी और डॉ. आंबेडकर के नाम पर विकसित होंगे पार्क, बच्चों-बुजुर्गों और महिलाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
वाराणसी। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के चार वार्डों में 88.56 लाख रुपये की लागत से पार्कों का विकास और सुंदरीकरण कराया जाएगा। सोमवार को प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर इन परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन किया। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की ओर से कराए जाने वाले इन कार्यों के पूरा होने के बाद स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।
मंत्री ने वार्ड तरना के छतरीपुर स्थित रविदास मंदिर अम्बेडकर पार्क में 27.24 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्य का भूमि पूजन किया। इसके बाद वार्ड सरसौली की विश्वनाथपुरी कॉलोनी में 13.51 लाख रुपये की लागत से पार्क के विकास कार्य का शुभारंभ किया। वार्ड डिठोरी महल की भुवनेश्वर नगर कॉलोनी में 29.88 लाख रुपये तथा वार्ड पांडेयपुर की स्टेट बैंक कॉलोनी में 17.93 लाख रुपये की लागत से पार्कों के विकास एवं सुंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन किया गया। चारों परियोजनाओं पर कुल 88 लाख 56 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
महापुरुषों और ऐतिहासिक विभूतियों के नाम पर होंगे पार्क
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि चारों पार्कों का नामकरण श्री काशी विश्वनाथ, महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मी देवी और डॉ. भीमराव आंबेडकर को समर्पित होगा। पार्कों का निर्माण भी इन्हीं विभूतियों की थीम के अनुरूप कराया जाएगा। इससे सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने के साथ उनके ऐतिहासिक, धार्मिक और सामाजिक महत्व को भी प्रदर्शित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पार्कों के विकसित होने से आसपास के बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। लोग यहां सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और खाली समय बिताने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं। निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।