वाराणसी : शहर उत्तरी विधानसभा को 23 सड़कों की सौगात, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने 8.12 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास 

शहर उत्तरी विधानसभा में 8.12 करोड़ की लागत से 23 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 23 सीसी एवं इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इन परियोजनाओं का निर्माण डूडा विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।
 

वाराणसी। शहर उत्तरी विधानसभा में 8.12 करोड़ की लागत से 23 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 23 सीसी एवं इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इन परियोजनाओं का निर्माण डूडा विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार शहरों और कस्बों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि आम जनता को बेहतर जीवन स्तर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन 23 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।

राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और शहरी विकास को मजबूती मिले।इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, अरविंद सिंह, जे.पी. सिंह, अवधेश राय, सिद्धनाथ शर्मा, अजीत सिंह, कमलेश सोनकर, विवेक पांडे, मनोज सोनकर, दिलीप चौहान, अतुल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।