वाराणसी : खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, अधेड़ की मौत
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। यह हादसा वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूटहवानार के सामने हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय शकील सिद्दीकी के रूप में हुई है, जो जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लहंग के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, शकील चौबेपुर से वाराणसी की ओर बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान फूटहवानार के पास सड़क किनारे खड़ी पुआल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल शकील को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।