वाराणसी : वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 1234 युवाओं को मिली नौकरी, 8240 ने किया प्रतिभाग

सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र स्थित किसान इंटर कॉलेज, मिर्जामुराद में शुक्रवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां कुल 8240 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 1234 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा नौकरी के ऑफर प्रदान किए गए।
 

वाराणसी। सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र स्थित किसान इंटर कॉलेज, मिर्जामुराद में शुक्रवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां कुल 8240 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 1234 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा नौकरी के ऑफर प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में ऐसे रोजगार मेलों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अब तक इस पहल के जरिए प्रदेश में लगभग 13 लाख युवाओं को रोजगार मिल चुका है। युवाओं को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए उन्हें भाषाई और तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विदेशों में रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा दे रही है और इसी क्रम में जापान में 4000 महिलाओं को रोजगार दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने चयनित 10 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल ने सेवायोजन विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता बताई।

रोजगार मेले में Hindalco Industries, GMR Group, Utkarsh Small Finance Bank, TVS Motor Company, Suzuki, Vivo, Dixon Technologies और Kotak Mahindra Bank सहित कुल 51 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतनमान पर रोजगार के अवसर दिए गए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. शिवराज मिश्रा, सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह सहित विभिन्न जनपदों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।