वाराणसी में विकास को रफ्तार, महापौर ने दो बड़े सीवर प्रोजेक्ट का किया शिलान्यास

नगर निगम की ओर से शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने दो महत्वपूर्ण सीवर परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
 

वाराणसी। नगर निगम की ओर से शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने दो महत्वपूर्ण सीवर परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

महापौर ने वार्ड संख्या 58 खजुरी स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी में 40.84 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 360 मीटर लंबी सीवर लाइन परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इसके बाद महापौर ने वार्ड संख्या 09 में कादम्बिनी लॉन के पास दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया। यहां गेल द्वारा क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन की मरम्मत 89.61 लाख रुपये की लागत से ट्रेंचलेस तकनीक के माध्यम से कराई जाएगी। इस आधुनिक तकनीक की खासियत यह है कि सड़क को बिना खोदे सीवर लाइन की मरम्मत संभव हो सकेगी, जिससे यातायात और आमजन को कम परेशानी होगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। सीवर, सड़क और जल निकासी जैसी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। शिलान्यास के दौरान स्थानीय पार्षद, भाजपा मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।