वाराणसी कचहरी में मिलेगी मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा, महापौर ने किया शुभारंभ 

नगर निगम वाराणसी ने शहर को स्मार्ट और डिजिटल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को कचहरी परिसर में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा की शुरुआत कर दी। बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही अब वाराणसी के पांच प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नागरिकों को मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
 

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने शहर को स्मार्ट और डिजिटल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को कचहरी परिसर में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा की शुरुआत कर दी। बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही अब वाराणसी के पांच प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नागरिकों को मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

महापौर ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट लोगों की बुनियादी जरूरत बन चुका है। नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह पहल वाराणसी को आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम है।

नगर निगम के अनुसार, इस परियोजना की शुरुआत पहले चरण में अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट से की गई थी। दूसरे चरण में बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर को मुफ्त वाई-फाई सुविधा से जोड़ा गया, जबकि अब तीसरे चरण में कचहरी परिसर को भी इस डिजिटल नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। वाई-फाई सेवा का उपयोग बेहद आसान बनाया गया है। परिसर में लगाए गए विशेष सूचना बोर्डों पर उपलब्ध क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही उपयोगकर्ता बिना किसी शुल्क के हाई-स्पीड इंटरनेट का लाभ उठा सकेंगे।

इस सेवा के संचालन और तकनीकी प्रबंधन की जिम्मेदारी बीएसएनएल को सौंपी गई है। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क को इस तरह विकसित किया गया है कि कचहरी परिसर में अधिक भीड़ होने पर भी इंटरनेट की गति और कनेक्टिविटी प्रभावित न हो। कार्यक्रम का संचालन बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री सुधांशु मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों, बीएसएनएल के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।