वाराणसी : अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, मकान जमींदोज, आधा दर्जन घायल, मलबे में दबी महिला की तलाश
पैगंबरपुर में धमाके से दहशत, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
बगल के मकान का बाहरी हिस्सा भी ढहा, एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पचकोशी मार्ग स्थित पैगंबरपुर इलाके में गुरुवार शाम अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पटाखा कारोबारी राजू खान का मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं मलबे में राजू खान की मां के दबे होने की आशंका है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फायर ब्रिगेड और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान
विस्फोट की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की। बचाव दल ने मलबे से लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, शाम 5:40 बजे तक राजू खान की मां के मलबे में दबे होने की सूचना थी। उन्हें बाहर निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी था। हादसे में घायल लोगों की स्थिति और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा था।
धमाके से पड़ोसी मकान भी क्षतिग्रस्त
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राजू खान के मकान के बगल में स्थित दूसरे मकान का बाहरी हिस्सा भी ढह गया। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मकान में पटाखे मौजूद होने और दोबारा विस्फोट की आशंका के कारण बचाव अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई।
एटीएस ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मकान में पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हुआ और इमारत ढह गई। हालांकि, धमाके के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
25 वर्षों से इलाके में रह रहा था पटाखा कारोबारी
बताया गया कि राजू खान करीब 25 वर्षों से पैगंबरपुर इलाके में रह रहा था। उसके मकान के पीछे उसके बड़े भाई सलीम का घर है। दोनों भाई पटाखों के कारोबार से जुड़े बताए गए हैं। डीसीपी राजेश पांडेय ने बताया कि शाम पांच बजे विस्फोट की सूचना मिली। पुलिस के साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत अन्य टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि भवन स्वामी राजू खान की मां के मलबे में दबे होने की सूचना है। मलबे में दबे हुए लोगों की तलाश की जा रही है।