वाराणसी : रंगदारी न देने पर युवक के अपहरण की कोशिश, जान बचाने को चलती गाड़ी से कूदा 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव में रंगदारी न देने पर एक युवक के अपहरण की कोशिश और फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव में रंगदारी न देने पर एक युवक के अपहरण की कोशिश और फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

गुड़िया गांव निवासी करन दुबे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे वह बिहड़ा मंदिर के पास एक दुकान पर बैठा था। उसी दौरान ब्लैक स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और उससे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने असलहे के बल पर उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण करने की कोशिश की।

पीड़ित के अनुसार, उसका दोस्त शुभम सिंह मौके पर उसे बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए करन को गाड़ी में बैठा लिया और वहां से भागने लगे। इस बीच करन ने हिम्मत दिखाते हुए चलती गाड़ी का दरवाजा खोला और कूदकर अपनी जान बचाई।

करन का आरोप है कि आरोपी उसका पीछा करते हुए फायरिंग भी करने लगे, जिससे वह बाल-बाल बच गया। किसी तरह वह सुरक्षित स्थान पर पहुंचा और बाद में थाने जाकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले में प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है और घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।