वाराणसी : बजाज फाइनेंस के नाम पर युवक के खाते से 75 हजार रुपये उड़ाए, साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत

मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। जालसाजों ने उसके बैंक खाते से पांच बार में कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार देर शाम उसने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। जालसाजों ने उसके बैंक खाते से पांच बार में कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार देर शाम उसने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।

मेहंदीगंज निवासी संजय के अनुसार, सोमवार को उनके मोबाइल पर अचानक बैंक खाते से रुपये निकलने के लगातार मैसेज आने लगे। देखते ही देखते जालसाजों ने 15-15 हजार रुपये की पांच अलग-अलग निकासी कर ली। इस तरह कुछ ही समय में खाते से कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए गए।

संजय ने बताया कि जब उन्होंने बैंक खाते से हुए लेनदेन की जानकारी देखी तो उसमें बजाज फाइनेंस लिमिटेड से जुड़े खाते का विवरण दिखाई दिया। हालांकि, पीड़ित के मुताबिक उन्होंने इस तरह के किसी लेनदेन की अनुमति नहीं दी थी। लगातार रुपये कटने के संदेश मिलने से वह परेशान हो गए और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर घटना की शिकायत दर्ज कराई।

इसके बाद मंगलवार देर शाम संजय मिर्जामुराद थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने खाते से हुए लेनदेन, संबंधित बैंक खातों और ट्रांजेक्शन से जुड़े विवरण की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और लेनदेन में दिख रहे विवरण का साइबर ठगी से क्या संबंध है। साथ ही रकम को ट्रेस करने और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।