वाराणसी : होटल में युवक ने युवती को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन में युवक ने युवती को गोली मार दी। इसके बाद फरार हो गया। घायल युवती को मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी कपसेठी थाना के चकलोला निवासी शुभम राय पुत्र मनबोध सिंह को सैनिक अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर उसके पास से पिस्टल बरामद की है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
एसीपी कैण्ट अपूर्व पांडे के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की है। नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन के कमरे नंबर 307 में एक युवक और युवती ठहरे हुए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। इस दौरान गोली चली और युवती घायल हो गई। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
घायल युवती को बाद में इलाज के लिए सिगरा स्थित सिंह हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से पुलिस को घटना की सूचना मिली। रविवार को पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना कैण्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। उसके खिलाफ धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।