वाराणसी : अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पति ने पत्नी पर देह व्यापार के लिए बनाया दबाव, मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज  

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाने, विरोध करने पर मारपीट करने और कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने विष्णु प्रजापति, रमेश प्रजापति समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाने, विरोध करने पर मारपीट करने और कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने विष्णु प्रजापति, रमेश प्रजापति समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार उसका पति शराब का आदी है और कोई काम नहीं करता। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह घरों में बर्तन साफ करने और खाना बनाने का काम करती थी। आरोप है कि पति और सास-ससुर की ओर से उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि एक घटना के दौरान बेहोशी की हालत में उसका कथित वीडियो भी बनाया गया।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसने जब ससुरालवालों की बात मानने से इनकार किया तो उसे धमकी दी गई कि उसकी वीडियो मायके और रिश्तेदारों को भेजकर उसे बदनाम कर दिया जाएगा। पीड़िता के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को वह अपनी दोनों बेटियों के साथ पश्चिम बंगाल स्थित मायके चली गई।

आरोप है कि इसके बाद पति ने कथित आपत्तिजनक वीडियो महिला की बहनों, जीजा, मामा और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दिया। इतना ही नहीं, उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर वीडियो प्रसारित करने की कोशिश भी की गई। महिला ने इससे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है।