वाराणसी : ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत, साथी घायल
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा हरहुआ के समीप काजी सराय ओवरब्रिज पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजातालाब थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव निवासी विजय गुप्ता (38 वर्ष) अपने दोस्त रंगीला, निवासी सजोई, के साथ बाइक से घूमने निकले थे। दोनों मुंबई में एक साथ काम करते थे और इन दिनों अपने गांव आए हुए थे। हरहुआ के काजी सराय ओवरब्रिज पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने विजय गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रंगीला का उपचार पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
विजय गुप्ता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी मां लालमनी देवी, पत्नी सोनी तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक स्वर्गीय रामलखन गुप्ता के तीन पुत्रों में दूसरे नंबर पर थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।