वाराणसी: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय रविन्द्र कुमार निवासी मोजाहिदपुर गांव, थाना चुनार, जिला मिर्जापुर के रूप में हुई है। वह अपने साढ़ू सूरज कुमार, निवासी चुरामनपुर (थाना लोहता) के साथ सेवापुरी में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लालपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दोनों को अस्पताल भिजवाया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने रविन्द्र कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूरज कुमार का उपचार जारी है। रविन्द्र कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी अनिता देवी, एक पुत्र अंकित और दो पुत्रियां अदिति व घन्टुरी हैं। वह पेशे से प्लंबर थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सोमवार को मृतक के मामा ने मिर्जामुराद थाने में अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।