वाराणसी : मंदिर के सामने कुएं में गिरा युवक, दो घंटे बाद निकला शव, छानबीन में जुटी पुलिस 

शिवदासपुर मारवाड़ी स्थित बरम बाबा मंदिर के सामने मंगलवार सुबह एक युवक के कुएं में गिरने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना सुबह करीब 7:26 बजे मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही श्री बरम बाबा सेवा हितकारिणी ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं अध्यक्ष ईश्वर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
 

वाराणसी। शिवदासपुर मारवाड़ी स्थित बरम बाबा मंदिर के सामने मंगलवार सुबह एक युवक के कुएं में गिरने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना सुबह मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही श्री बरम बाबा सेवा हितकारिणी ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं अध्यक्ष ईश्वर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

कुएं में गिरे युवक की पहचान आकाश कुमार (28) पुत्र बलिराम, निवासी शिवदासपुर मारवाड़ी, वाराणसी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही ट्रस्ट की टीम, स्थानीय लोगों और पुलिस ने युवक को कुएं से बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

रेस्क्यू अभियान के दौरान अनिल कुमार बिंद पुत्र अशोक कुमार बिंद ने साहस का परिचय देते हुए बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवक को बाहर निकालने के लिए करीब दो घंटे तक प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आकाश कुमार को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

युवक के कुएं में गिरने की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस युवक के कुएं में गिरने के कारणों की भी जांच कर रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

श्री बरम बाबा सेवा हितकारिणी ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी एवं अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही ट्रस्ट की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।