वाराणसी : नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर गांव में संचालित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जांच में जुटी रही।
रामपुर फूलपुर निवासी 40 वर्षीय हेमंत सिंह ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, 14 अप्रैल को उसे नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि भर्ती के दो दिन बाद ही केंद्र के कर्मचारियों ने उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना दी, लेकिन जब तक परिवार के लोग पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी।
केंद्र के कर्मचारियों का कहना है कि युवक ने सुबह नाश्ता किया और सो गया था। बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर उसे सारनाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के अनुसार, चिकित्सकों की टीम बनाकर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। फिलहाल इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।