वाराणसी : बारिश में कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर युवक की मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राने गांव में मंगलवार देर रात तेज बारिश के दौरान पशुशाला की कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दीवार के मलबे में दबकर 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
राने गांव निवासी शिवपूजन भारती का पुत्र जिलाजीत भारती (27) मंगलवार देर रात बारिश के दौरान घर के पीछे जा रहा था। इसी दौरान पशुशाला की कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक उसके ऊपर गिर गई। हादसा होते ही उसकी मां ने शोर मचाया। आवाज सुनकर दोनों भाई मौके पर पहुंचे और फावड़े से मलबा हटाने में जुट गए।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों ने जिलाजीत को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा देर रात होने के कारण परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिलाजीत तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। वह पढ़ाई के साथ बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाता था। परिवार की आर्थिक मदद के लिए वह सेंट्रिंग का काम भी करता था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक मौत से मां और बहन समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों और जर्जर दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। हादसे के बाद गांव में लोग बारिश के दौरान कच्ची दीवारों और पुराने निर्माणों को लेकर चिंतित हैं।