वाराणसी : चलती ट्रेन से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। बहेड़वा हाल्ट प्लेटफॉर्म के पास हुई। वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही ट्रेन में सवार युवक गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था, तभी अचानक झटका लगने से वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही बहेड़वा ग्राम प्रधान संजय कुमार ने तुरंत डायल 112 पुलिस और जीआरपी को जानकारी दी। मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की और जीआरपी टीम के आने का इंतजार करती रही। करीब दो घंटे बाद जीआरपी चौकी प्रभारी माधो सिंह और स्टेशन प्रभारी धर्मेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर लवकुश (22 वर्ष) पुत्र ज्ञानचंद, निवासी रामपहरी, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि लवकुश अपने गांव के तीन अन्य साथियों के साथ मुंबई में नौकरी करने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात घर से निकला था। परिजनों के अनुसार लवकुश परिवार का इकलौता पुत्र था और अभी अविवाहित था। उसके पिता ज्ञानचंद राजगीर मिस्त्री का कार्य करते हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन तुरंत वाराणसी के लिए रवाना हो गए।