वाराणसी : प्लॉट दिलाने के नाम पर 9.90 लाख की ठगी, शाइन सिटी के एमडी समेत अन्य पर केस दर्ज
वाराणसी। प्लॉट दिलाने के नाम पर 9.90 लाख रुपये की कथित ठगी और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि सहित कई लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, वादी पल्लवी सिंह ने न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि 18 फरवरी 2017 को उन्होंने कंपनी के वाराणसी कार्यालय में राजातालाब सेक्टर-2 स्थित प्लॉट खरीदने के लिए निवेश किया था। आरोप है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्लॉट दिलाने का भरोसा दिया और विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 9.90 लाख रुपये जमा कराए।
शिकायत के मुताबिक, 18 जनवरी 2018 को उपनिबंधक कार्यालय गंगापुर में रजिस्ट्री भी करा दी गई, लेकिन आज तक वास्तविक प्लाट पर कब्जा नहीं दिलाया गया। कई बार कार्यालय जाकर कब्जा मांगने पर टाल दिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी जमीन दिखाकर और दस्तावेजों में कूटरचना कर उनसे रुपये हड़प लिए।