वाराणसी : चचेरे भाई के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा युवक, बायोमेट्रिक जांच में पकड़ाया
वाराणसी। राजातालाब स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भैरवतालाब परीक्षा केंद्र पर आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया। प्रथम पाली की परीक्षा में एक युवक अपने चचेरे भाई के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था, लेकिन बायोमैट्रिक सत्यापन और आई स्कैन में पकड़ा गया। पुलिस उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
अभ्यर्थी दीपक कुमार ज्येष्ठवन्त की जगह उसका चचेरा भाई राज कुमार साह परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन, स्कैन और फेस मैचिंग प्रक्रिया में बार-बार मिसमैच होने पर अधिकारियों को संदेह हुआ। इसके बाद दस्तावेजों की गहन जांच की गई, जिसमें प्रस्तुत आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य अभिलेख कूटरचित पाए गए।
परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक प्रो. रणधीर सिंह की तहरीर पर राजातालाब पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान राज कुमार ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे परीक्षा देने की बात स्वीकार कर ली। वहीं वास्तविक अभ्यर्थी दीपक कुमार ने भी माना कि उसने अपने स्थान पर चचेरे भाई को परीक्षा में शामिल होने के लिए भेजा था।
पुलिस ने मौके से कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड, प्रवेश पत्र, ओएमआर उत्तर पुस्तिका तथा प्रश्न पुस्तिका बरामद की है। दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।