वाराणसी : चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार 

चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में नामजद दो आरोपियों अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
 

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में नामजद दो आरोपियों अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक 21-22 अगस्त को चोलापुर क्षेत्र में रामजनम नामक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती जांच में उसकी मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। परिजनों ने भी किसी व्यक्ति पर हत्या का संदेह नहीं जताया था। इसी बीच घटना से जुड़े कुछ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद वायरल सामग्री का स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की गई।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि रामजनम की मौत मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण हुई थी। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि आरोपियों ने युवक को ट्रैक्टर चोरी करने के शक में पकड़ लिया था। पुलिस के अनुसार रामजनम पहले एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। भट्ठा बंद होने के बाद वह बेरोजगार था और आसपास के इलाकों में घूमता रहता था। इसी दौरान आरोपियों को संदेह हुआ कि वह ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर चोरी करने की नीयत से वहां पहुंचा है। इसी शक के आधार पर आरोपियों ने उसे रोककर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से कोई पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं मिली है। केवल चोरी के संदेह में की गई मारपीट के दौरान रामजनम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। मामले में चोलापुर थाने में मुकदमा संख्या 351/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।