वाराणसी : फर्जी दस्तावेजों से लोन पास कर 6.61 लाख रुपये कर लिए गबन, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

सिगरा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एल एंड टी फाइनेंस कंपनी से लाखों रुपये का लोन पास कराने और गबन करने के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सिगरा थाना क्षेत्र के फातमान रोड कब्रिस्तान के पास से दबोचा।
 

वाराणसी। सिगरा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एल एंड टी फाइनेंस कंपनी से लाखों रुपये का लोन पास कराने और गबन करने के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सिगरा थाना क्षेत्र के फातमान रोड कब्रिस्तान के पास से दबोचा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अलाउद्दीन पुत्र शेख आयूब निवासी काबीरुद्दीनपुर पोस्ट धर्मापुर थाना गौरा बादशाहपुर जनपद जौनपुर का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी 20 मई 2026 को दोपहर करीब 2:15 बजे की गई। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

मामला एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड की वाराणसी शाखा से जुड़ा है। कंपनी के अधिकृत अधिकारी अमित मिश्रा द्वारा 18 जुलाई 2025 को थाना सिगरा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायत के अनुसार कंपनी की सिगरा स्थित शाखा में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत अलाउद्दीन ने छह ग्राहकों के नाम पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर करीब 6,61,752 रुपये का लोन पास कराया और रकम हड़प ली।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने ग्राहकों के दस्तावेजों में हेरफेर कर कंपनी को धोखा दिया और रकम अपने पास रख ली। कंपनी अधिकारियों द्वारा कई बार रुपये जमा करने के लिए कहने के बावजूद उसने धनराशि वापस नहीं की और फरार हो गया। बाद में कंपनी ने उसे निलंबित करते हुए सेवा से निष्कासित कर दिया।

इस मामले में थाना सिगरा पर मुकदमा अपराध संख्या 0253/2025 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338 और 336(3) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत केस दर्ज किया गया था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में शिवाकांत मिश्रा, विवेक सिंह, आरक्षी आशीष गिरी और रवि कुमार शामिल रहे।