वाराणसी : होटल से पर्यटक का बैग चोरी करने वाले युवक-युवती गिरफ्तार, दो लैपटॉप समेत पूरा सामान बरामद
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने होटल से पर्यटक का बैग चोरी की घटना का खुलासा करते हुए युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गए दो लैपटॉप, चार्जर, किताबें, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चश्मे, ईयरबड्स समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
थानाध्यक्ष दशाश्वमेध के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार दोपहर पत्थर गली स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विकाश पाण्डेय (28) पुत्र राकेश चंद्र पाण्डेय निवासी गड़ैया खुर्द, जारी थाना कौंधियारा, प्रयागराज के रूप में हुई है। उसके साथ 21 वर्षीय महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे पुलिस ने उसकी पत्नी बताया है। दोनों के खिलाफ थाना दशाश्वमेध में दर्ज मुकदमा संख्या 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 305 एवं 317(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस के सामने होटल से बैग चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने बताया कि बैग में रखे दोनों लैपटॉप और अन्य कीमती सामान को बेचकर पैसे कमाने की योजना थी। इसी उद्देश्य से दोनों भीड़भाड़ वाले क्षेत्र के पास स्थित अर्धनिर्मित मकान में छिपे हुए थे और भीड़ कम होने का इंतजार कर रहे थे। उनका इरादा किसी बाजार में जाकर लैपटॉप बेचने का था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामद सामान में दो लैपटॉप, दो लैपटॉप चार्जर, आठ पुस्तकें, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो चश्मे, एक ईयरबड्स और चोरी किया गया बैग शामिल है। पुलिस ने सभी सामान को सुरक्षित कब्जे में लेकर संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दशाश्वमेध उपनिरीक्षक अनुजमणि तिवारी, उपनिरीक्षक शिवस्वरूप पाण्डेय, कांस्टेबल सचिन राव, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी सिंह, आरक्षी राजगौरव भट्ट, महिला आरक्षी सोनम सिंह, कुमारी डाली और राखी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।