वाराणसी : लच्छापुर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई : पति, सास-ससुर जेल भेजे गए, कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला देवर पहले से ही सलाखों के पीछे

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में हुए चर्चित हत्याकांड ने अब दहेज हत्या का रूप ले लिया है। पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी देवर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में हुए चर्चित हत्याकांड ने अब दहेज हत्या का रूप ले लिया है। पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी देवर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी गिरफ्तार
लच्छापुर में हुई इस घटना के संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर मृतका पूनम पटेल के पति सुजीत कुमार सिंह, ससुर तेजबहादुर और सास मुनका देवी उर्फ चमेला देवी को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

देवर ने कुल्हाड़ी से की थी निर्मम हत्या
घटना 11 अप्रैल की है, जब पूनम पटेल घर के बाहर गेहूं फैला रही थीं। इसी दौरान देवर अजीत पटेल से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर पहले पैर काटा और फिर सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को सूचना दी और मौके पर ही बैठा रहा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

दहेज की मांग को लेकर होता था उत्पीड़न
मृतका के पिता मुन्ना पटेल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल, टीवी और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। घटना से एक दिन पहले भी पीड़िता ने फोन कर उत्पीड़न की जानकारी दी थी।

दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने देवर, पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच दहेज उत्पीड़न और पारिवारिक विवाद दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, गांव में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।