वाराणसी : दशाश्वमेध इलाके में गली धंसी, आवागमन बाधित, शिकायत के बावजूद नगर निगम बेपरवाह 

दशाश्वमेध क्षेत्र के भूतेश्वर गली में अचानक मार्ग धंस गया। गली की पटिया धंस जाने से जाने से आवागमन बाधित हो गया है। लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम प्रशासन से की। नगर निगम के कर्मियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। लेकिन मार्ग की मरम्मत नहीं हुई। इससे लोगों में आक्रोश है। 
 

वाराणसी। दशाश्वमेध क्षेत्र के भूतेश्वर गली में अचानक मार्ग धंस गया। गली की पटिया धंस जाने से जाने से आवागमन बाधित हो गया है। लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम प्रशासन से की। नगर निगम के कर्मियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। लेकिन मार्ग की मरम्मत नहीं हुई। इससे लोगों में आक्रोश है। 

क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित ठेकेदारों पर गंभीर लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार गलियों के सौंदर्यीकरण और मरम्मत पर भारी भरकम बजट खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम में गुणवत्ता की भारी कमी है। निर्माण कार्यों में मनमानी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

लोगों ने बताया कि सूचना मिलने पर नगर निगम के कर्मचारी मौके पर तो पहुंचे, लेकिन कई घंटों बीत जाने के बाद भी किसी प्रकार का कोई सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। 

स्थानीय निवासी भैया लाल सेठ ने बताया कि गली की पटिया धंस गई। सूचना के बाद नगर निगम के कर्मचारी आए थे, लेकिन इसकी मरम्मत के लिए कोई पहल नहीं की गई। बोले कि नगर निगम की लापरवाही की वजह से ऐसी स्थिति पैदा हुई। रात में घटना हुई होती तो लोग गिरकर चोटिल हो जाते। 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गली को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। घटना की जांच कराकर दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।