वाराणसी : सड़क हादसे में घायल मजदूर की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के गंगापुर चौकी अंतर्गत केसरीपुर स्थित भास्करा तालाब के पास हुए सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
केसरीपुर भड़हा गांव निवासी कमलेश प्रजापति साइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग-2 स्थित रिलाइफ केयर हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
अस्पताल में कमलेश का ऑपरेशन किया गया, लेकिन 72 घंटे बाद भी उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मृतक के पिता बीरबल प्रजापति, माता बदामा देवी और पत्नी सुषमा का रो-रोकर बुरा हाल है। कमलेश दो भाइयों में छोटे थे और बढ़ई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। पीछे तीन मासूम बच्चे दीक्षा (7 वर्ष), परी (5 वर्ष) और डेढ़ वर्षीय शिवा को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।