सावन में शिवभक्तों के स्वागत को तैयार वाराणसी जंक्शन, 180 CCTV से निगरानी, सात्विक भोजन और स्पेशल ट्रेनों की रहेगी व्यवस्था
वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में 30 जुलाई से शुरू हो रहे पावन सावन माह को लेकर रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सावन के दौरान देशभर से लाखों शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) पर सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। रेलवे प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि सावन माह में श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए स्टेशन परिसर के सभी अधिकृत खान-पान स्टॉलों पर केवल सात्विक, शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। पूरे सावन भर स्टेशन परिसर में नॉनवेज भोजन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए 24 घंटे विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई कराई जाएगी, ताकि यात्रियों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए स्टेशन के अत्याधुनिक CCTV कंट्रोल रूम से पूरे परिसर की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए 180 से अधिक हाई-टेक CCTV कैमरे प्रवेश एवं निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, टिकट काउंटर और सर्कुलेटिंग एरिया सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखेंगे। इन कैमरों के माध्यम से भीड़ की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे किसी भी असामान्य स्थिति पर तत्काल कार्रवाई संभव हो सके।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और जीआरपी (सरकारी रेलवे पुलिस) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति, भगदड़ या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) पूरे समय स्टेशन परिसर में सक्रिय रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां यात्रियों को ट्रेन संचालन, प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी, टिकट बुकिंग, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और मोबाइल UTS सेवा से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है। स्टेशन परिसर में 24 घंटे मेडिकल टीम तैनात रहेगी, जबकि जिला प्रशासन के सहयोग से एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी हर समय उपलब्ध रहेगी।
भीड़ बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए रेलवे ने एक से दो खाली रैक (ट्रेनों) को बैकअप के रूप में तैयार रखने की योजना बनाई है। यदि श्रद्धालुओं की संख्या अनुमान से अधिक होती है तो मंडल कार्यालय के निर्देशानुसार तत्काल स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्टेशन डायरेक्टर ने कहा कि सावन माह के दौरान वाराणसी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी यात्री को असुविधा न हो। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य है कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा, स्वच्छ वातावरण और निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।