वाराणसी : करेंट से संविदा लाइनमैन की मौत मामले में जेई सस्पेंड, परिजनों को 10 लाख मुआवजा

भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन की करेंट लगने से हुई मौत के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) नितेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन की करेंट लगने से हुई मौत के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) नितेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों के प्रदर्शन तथा विद्युत मजदूर पंचायत के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।

राजातालाब थाना क्षेत्र के भोंसला (हरपुर) निवासी संविदा लाइनमैन भरत लाल राजभर (40) शुक्रवार रात करीब दो बजे भदैनी उपकेंद्र पर शटडाउन लेकर बिजली बनाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करेंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। साथियों ने उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार को भदैनी विद्युत उपकेंद्र पर शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंचे पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने संबंधित जेई को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों के खाते में 10 लाख रुपये मुआवजे के रूप में भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया।