वाराणसी : ऑनलाइन जुए के नेटवर्क पर जैतपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर आरोपी और एक महिला गिरफ्तार

कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैतपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन जुआ खेलने और खिलवाने वाले दो शातिर अभियुक्तों एवं एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4,850 रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर की गई, जिसमें एसओजी-2 की टीम भी शामिल रही।
 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैतपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन जुआ खेलने और खिलवाने वाले दो शातिर अभियुक्तों एवं एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4,850 रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर की गई, जिसमें एसओजी-2 की टीम भी शामिल रही।

जैतपुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बघवानाला चौरा माता मंदिर के पास कुछ लोग ऑनलाइन “भाग्यलक्ष्मी” वेबसाइट और एप के माध्यम से जुआ खेल रहे हैं, जबकि एक महिला इस ऑनलाइन जुए को संचालित कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक जैतपुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसओजी-2 की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संतोष कुमार सोनकर और मनोज कुमार सोनकर निवासी बघवानाला के रूप में हुई। पुलिस ने एक महिला को भी पकड़ा। उनके पास से जुए में प्रयुक्त 4,850 रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “भाग्यलक्ष्मी” नामक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ऑनलाइन जुआ खेलते और खिलवाते थे। ग्रुप से जुड़े लोग अपने मोबाइल के माध्यम से नंबर बताते थे और नंबर निकलने पर जीत की राशि दी जाती थी। आरोपियों के अनुसार बरामद नकदी जुए से अर्जित की गई रकम है।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी सरैया जैतपुरा उपनिरीक्षक सत्यदेव, उपनिरीक्षक अभय कुमार, महिला उपनिरीक्षक रागिनी शर्मा, महिला कांस्टेबल नीलम राव, कांस्टेबल रिंकू, एसओजी-2 प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।