वाराणसी: जेपी मेहता ग्राउंड पर बनेगा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोर्ट, नगर निगम की पहल 

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम और दूरदर्शी फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियान से प्रेरित होकर नगर निगम ने शहर के प्रतिष्ठित जेपी मेहता इंटर कॉलेज ग्राउंड पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट (महिला एवं पुरुष) बनाने का निर्णय लिया है। इस पहल से काशी के उभरते खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अभ्यास और प्रतियोगिता का बेहतर मंच मिलेगा।
 

वाराणसी। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम और दूरदर्शी फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियान से प्रेरित होकर नगर निगम ने शहर के प्रतिष्ठित जेपी मेहता इंटर कॉलेज ग्राउंड पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट (महिला एवं पुरुष) बनाने का निर्णय लिया है। इस पहल से काशी के उभरते खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अभ्यास और प्रतियोगिता का बेहतर मंच मिलेगा।

हाल ही में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर निगम की कार्यकारिणी से भी इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलते ही निगम के सामान्य अभियांत्रिकी विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू कर दिया है।

इंजीनियरिंग विभाग विशेषज्ञों की सहायता से बास्केटबॉल कोर्ट का विस्तृत ड्राइंग और डिजाइन तैयार कर रहा है। यह कोर्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक सिंथेटिक सरफेस, हाई मास्ट फ्लड लाइट्स, दर्शकों के बैठने के लिए समुचित स्टैंड और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी। महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, शौचालय और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं, ताकि खिलाड़ी पूरी सहजता और आत्मविश्वास के साथ अभ्यास कर सकें।

शहर के मध्य स्थित जेपी मेहता ग्राउंड पहले से ही बास्केटबॉल खिलाड़ियों का पसंदीदा अभ्यास स्थल रहा है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का कोर्ट बनने से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि वाराणसी की खेल संस्कृति को भी नई पहचान और मजबूती मिलेगी। भविष्य में यहां जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होने की भी संभावना बढ़ेगी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि देश का हर युवा खेल से जुड़े और हर खिलाड़ी को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। काशी में बास्केटबॉल की अपार प्रतिभाएं हैं, जिन्हें अब एक मजबूत मंच मिलेगा। जेपी मेहता ग्राउंड पर बनने वाला यह कोर्ट पूरी तरह युवाओं को समर्पित है। डिजाइन फाइनल होते ही निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा।