वाराणसी : दुधमुंही बच्ची को जमीन पर पटका, आरोपी बोला- भगवान ने बलि देने के लिए कहा, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा गांव स्थित वनवासी मुसहर बस्ती में शनिवार शाम एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक युवक पर आरोप है कि उसने एक माह की दुधमुंही बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर दो बार जमीन पर पटक दिया। इस घटना में मासूम बच्ची घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम करीब छह बजे बच्ची के दादा पप्पू अपनी पोती को गोद में लेकर घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विकास यादव पुत्र शोभा यादव वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने अचानक बच्ची को दादा की गोद से छीन लिया और बिना किसी उकसावे के उसे जमीन पर पटक दिया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने बच्ची को दोबारा उठाकर फिर जमीन पर पटक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह पूरी घटना कुछ ही सेकंड के भीतर हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्ची को लेकर श्रीनगर कॉलोनी स्थित किलकारी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। बच्ची के पिता राजेश परिवार के भरण-पोषण के लिए हवेलिया चौराहे पर मूर्तियां बनाने का कार्य करते हैं, जबकि उसकी मां रेनू गृहिणी हैं। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है।
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसे ‘भगवान ने बलि देने’ का आदेश दिया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस इस कथित बयान की सत्यता और आरोपी की मानसिक स्थिति सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना से नाराज वनवासी बस्ती के लोगों ने रात करीब साढ़े आठ बजे अकथा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को कठोर से कठोर सजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर लगभग आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का उपचार जारी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।