वाराणसी : नई सुबह एक उम्मीद संस्था ने बांटा तिरंगा, हर घर राष्ट्र ध्वज फहराने की अपील

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘नई सुबह एक उम्मीद’ सामाजिक संस्था की ओर से नगवा वार्ड की हरिजन बस्ती स्थित रविदास मंदिर परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘नई सुबह एक उम्मीद’ सामाजिक संस्था की ओर से नगवा वार्ड की हरिजन बस्ती स्थित रविदास मंदिर परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।

कार्यक्रम में नगवा वार्ड की पार्षद माधुरी सिंह मुख्य अतिथि और पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों ने लोगों को तिरंगा वितरित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तिरंगा प्राप्त करते समय क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला। पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह ने कहा कि देश को आजादी हजारों वीर शहीदों के बलिदान के बाद मिली। स्वतंत्रता और देश की एकता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों में तिरंगा फहराकर पर्व मनाने की अपील की।

संस्था की अध्यक्ष ममता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल अवकाश का दिन नहीं, बल्कि देशभक्ति और नए संकल्प का अवसर है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के साथ संविधान का भी सम्मान करना चाहिए। संस्थापक विजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ एकता, समानता और सेवा की भावना में है। तिरंगा देश की एकता और भाईचारे का संदेश देता है।

समाजसेविका संध्या पांडे ने महिलाओं और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की अपील की। कार्यक्रम में मोहम्मद अनीस, मंगलेश्वर प्रसाद, महबूब हसन, करम भारती, संगीता पटेल, सुषमा आर्या समेत संस्था के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। समापन पर मोहम्मद अनीस ने सभी के प्रति आभार जताया।