Varanasi : वाराणसी में अब बढ़ेगी गर्मी, 44 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, दो दिन लू का अलर्ट
वाराणसी। अप्रैल के दूसरे पखवारे में गर्मी सितम ढाएगी। पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं दो दिनों तक वाराणसी और आसपास के इलाकों में लू चलने का अलर्ट है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
बीते दिनों की तुलना में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 19 और 20 अप्रैल के लिए लू का अलर्ट जारी किया है, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है।
सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है और दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी और अधिक तीखी हो जा रही है। सड़कों पर निकलने वाले लोगों को झुलसा देने वाली गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, रात के समय कुछ हद तक राहत मिल रही है, लेकिन दिनभर की गर्मी से लोग बेहाल हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। गर्मी के इस बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की गई है।