वाराणसी : इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, विदेश से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग, जानिये लक्षण 

दुनिया के कई देशों में इबोला वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेशों से आने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
 

वाराणसी। दुनिया के कई देशों में इबोला वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेशों से आने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

तेज बुखार आए तो हो जाएं सचेत 
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इबोला वायरस के शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी तथा पेट दर्द शामिल हैं। गंभीर स्थिति में मरीज को उल्टी-दस्त, त्वचा पर लाल चकत्ते और शरीर से रक्तस्राव जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।

विदेश से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य टीमों को तैनात कर दिया गया है, जो विदेशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। यदि किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण पाए जाते हैं तो उसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी। साथ ही अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने और आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लक्षण दिखते ही पहुंचें अस्पताल 
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि विदेश यात्रा से लौटने के बाद यदि बुखार या अन्य लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि लोग अफवाहों से बचें और बीमारी के प्रति सजग रहें। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल जिले में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।