वाराणसी : शादी के दौरान आपस में भिड़े घराती-बाराती, मारपीट में दूल्हे के पड़ोसी की मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के जक्खिनी पुलिस चौकी अंतर्गत मरुई गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। बारात और विवाह की रस्मों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दूल्हे के पड़ोसी की मौत हो गई। घटना के बाद कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
मरुई गांव निवासी हिमांशु राम का विवाह मिर्जापुर जिले के बगहा गांव की रहने वाली रेखा देवी के साथ संपन्न हो रहा था। विवाह समारोह दूल्हे के घर पर आयोजित था और सभी रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जयमाल के समय से ही लड़की पक्ष के कुछ लोगों और स्थानीय लोगों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था। पहले तो लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन जयमाल के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
इसी दौरान घर के बाहर सो रहे पड़ोसी बहादुर राम (52) की नींद शोर-शराबा सुनकर खुल गई। बताया जाता है कि उन्होंने झगड़ा कर रहे लोगों को रोकने और समझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद गांव वालों ने बहादुर राम को उनके घर के पास घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। उनके सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए जाने जैसा निशान मिला। घटना की सूचना तत्काल जक्खिनी पुलिस चौकी और राजातालाब थाने को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बहादुर राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।