वाराणसी : ट्रेन की चपेट में आने से नाना और तीन वर्षीय नाती की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसे में नाना और उनके तीन वर्षीय नाती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसे में नाना और उनके तीन वर्षीय नाती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

लच्छापुर गांव निवासी दुलचंद्र राजभर (54) मंगलवार की शाम अपने तीन वर्षीय नाती राजन उर्फ राजा को लेकर घर से निकले थे। बताया गया कि बच्चे को लेकर बाहर गए थे। कुछ देर बाद दोनों पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पानी भरा होने के कारण उन्हें रेलवे ट्रैक की ओर से होकर गुजरना पड़ा। रेलवे ट्रैक पार करते समय दोनों प्रयागराज की ओर से वाराणसी जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।

परिजनों के मुताबिक, राजन उर्फ राजा करीब एक माह पहले अपनी मां पूनम राजभर के साथ अपने ननिहाल लच्छापुर आया था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं दुलचंद्र की मौत से भी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।