वाराणसी को मिली 24.42 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 60 कॉलोनियों में बिछेगी नई सीवर लाइन
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने रविवार को वाराणसी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 24.42 करोड़ रुपये की लागत वाली चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सबसे बड़ी परियोजना 23.86 करोड़ रुपये की लागत से 60 कॉलोनियों, मोहल्लों, बस्तियों और अपार्टमेंटों में नई सीवर लाइन बिछाने की है, जिससे लंबे समय से सीवर और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सर्किट हाउस परिसर में आयोजित भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहर के किसी भी मोहल्ले को सड़क, नाली, सीवर और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहने देना है। उन्होंने बताया कि नई सीवर परियोजना के तहत वार्ड संख्या 2, 30, 31, 41, 44, 58 और 59 के कुल 60 मोहल्लों एवं कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद इन क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और वर्षों से चली आ रही सीवर संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।
इस अवसर पर मंत्री ने तीन अन्य विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया। हुकुलगंज वार्ड में 9.56 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क एवं सीसी ड्रेन, सारनाथ के खजूरी क्षेत्र में 22.33 लाख रुपये से इंटरलॉकिंग और सीसी ड्रेन तथा शिवपुर वार्ड के कुंदन नगर कॉलोनी में 27.66 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और सीसी ड्रेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि मजबूत सड़कें, बेहतर जल निकासी और आधुनिक सीवर नेटवर्क किसी भी विकसित शहर की पहचान हैं। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।