वाराणसी को मिले 22 प्राविधिक सहायक, चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे 

अधीनस्थ कृषि सेवा (वर्ग-3) प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कृषि भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने वाराणसी के 22 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। पूरे प्रदेश में इस भर्ती के तहत कुल 3446 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
 

वाराणसी। अधीनस्थ कृषि सेवा (वर्ग-3) प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कृषि भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने वाराणसी के 22 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। पूरे प्रदेश में इस भर्ती के तहत कुल 3446 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे इन युवाओं की भूमिका किसानों तक शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाने में महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्राविधिक सहायकों की जिम्मेदारी होगी कि इन योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी देकर कृषि उत्पादन बढ़ाने और उनकी आय में वृद्धि करने के प्रयास किए जाने चाहिए।

नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों से अपेक्षा की गई कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर कृषि विभाग की योजनाओं को धरातल पर लागू कराने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति पत्र मिलने से अभ्यर्थियों में उत्साह नजर आया। चयनित युवाओं ने कहा कि सरकारी सेवा में अवसर मिलने से उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है तथा वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

कार्यक्रम में वाराणसी मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक शैलेन्द्र कुमार और जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह समेत कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वाराणसी में नियुक्ति पत्र पाने वाले चयनित अभ्यर्थियों में नेहा यादव, तृप्ति सिंह, आकृति, नूपुर विश्वास, आयुषी सिंह, नीरज कुमार पटेल, अंचल मौर्य, आराधना वर्मा, अलका कुमारी, आशीष कुमार, ज्योति कुमारी, विजेंद्र यादव, समीक्षा मौर्य, अंशु वर्मा, पंकज सिंह, रश्मि सिंह, प्रियंका पटेल, अशोक कुमार, पंकज तिवारी, शिप्रा कुमार और प्रसून पटेल शामिल रहे।