वाराणसी : चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचने के बाद घटने लगा गंगा का जलस्तर, दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गिरावट, तटवर्ती इलाकों में राहत 

चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचने के बाद गंगा के जलस्तर में गिरावट शुरू हो गई है। रविवार की सुबह जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कमी दर्ज की गई। जलस्तर 69.2 मीटर रिकॉर्ड किया गया। जलस्तर घटने से तटवर्ती इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है। 
 

वाराणसी। चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचने के बाद गंगा के जलस्तर में गिरावट शुरू हो गई है। रविवार की सुबह जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कमी दर्ज की गई। जलस्तर 69.2 मीटर रिकॉर्ड किया गया। जलस्तर घटने से तटवर्ती इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है। 

पिछले कई दिनों से गंगा के जलस्तर में तेजी से इजाफा हो रहा था। जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया। जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज एक मीटर नीचे था। ऐसे में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। काशी के घाट जलमग्न हो गए हैं। जल पुलिस चौकी डूब गई। वहीं श्मशान घाटों पर शवदाह स्थल भी जलमग्न होने से अंत्येष्टि में परेशानी हो रही है। 

रविवार की सुबह जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई। इससे तटवर्ती इलाके के लोगों ने राहत महसूस की। वाराणसी में गंगा में चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर और खतरे का बिंदु 71.26 मीटर है। जिला प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ से निबटने के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। एनडीआरएफ, जल पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं जिले के आला अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।