वाराणसी : नाबालिग से छेड़खानी का आरोप, पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बालिका से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पड़ोसी युवक समेत पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बालिका से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पड़ोसी युवक समेत पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार के अनुसार रविवार शाम गांव का ही रहने वाला युवक सिंटू बच्ची को पानी मांगने के बहाने अपने घर बुलाकर अंदर ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ जबरन छेड़खानी की। इस दौरान जब बच्ची ने शोर मचाया तो आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया। कुछ देर बाद दरवाजा खुलने पर बच्ची किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी पक्ष के टिकोरी, रेशम, सुनीता और गगन ने लाठी-डंडा लेकर गाली-गलौज की और पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता की मां ने थाने में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सिंटू, टिकोरी, रेशम, सुनीता और गगन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।