वाराणसी : दीपावली को लेकर सज गया पटाखों का बाजार, 50 रुपये से पांच हजार रुपये तक के पटाखे, आकाशदीप लोगों की पहली पसंद, पहुंच रहे खरीदार
वाराणसी। दीपावली को लेकर काशी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। घरों की सजावट से लेकर पूजा-पाठ और मिठाइयों की खरीदारी तक, हर तरफ पर्व की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। वहीं, दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। शहर के ब्रिज इनक्लेव कॉलोनी स्थित पार्क के पास पटाखों की दुकानें सज गई हैं। यहां रंग-बिरंगी आतिशबाजी और आकर्षक पटाखों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है। आसपास के इलाकों के साथ ही दूर-दराज से भी लोग परिवार और बच्चों के साथ खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
ब्रिज इनक्लेव कॉलोनी के पार्क के पास सजे पटाखा बाजार में हर उम्र के लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग किस्म के पटाखे उपलब्ध कराए गए हैं। दुकानों पर 50 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के पटाखे मिल रहे हैं। फुलझड़ी, रॉकेट, बम, आकाशदीप सहित आतिशबाजी की कई आकर्षक किस्में ग्राहकों को लुभा रही हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
आकाशदीप की मांग सबसे ज्यादा
इस बार पटाखा बाजार में आकाशदीप लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। आसमान में रोशनी बिखेरने वाले आकाशदीप की खरीदारी के लिए ग्राहक विशेष रुचि दिखा रहे हैं। इसके अलावा बच्चे फुलझड़ी और अन्य आकर्षक आतिशबाजी खरीदने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों की पसंद के साथ अपने बजट का ध्यान रखते हुए खरीदारी कर रहे हैं। शाम के समय दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से बाजार में विशेष चहल-पहल दिखाई दे रही है।
50 से पांच हजार रुपये तक के पटाखे
पटाखा दुकानदार सोनू सोनकर ने बताया कि दीपावली को लेकर इस बार अच्छी खरीदारी हो रही है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकान पर 50 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के विभिन्न प्रकार के पटाखे उपलब्ध कराए गए हैं। लोग आकर्षक आतिशबाजी की खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार आकाशदीप की मांग सबसे अधिक है। ग्राहक इसे विशेष रूप से पसंद कर रहे हैं।
सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील
दीपावली पर आतिशबाजी के उत्साह के बीच सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता जरूरी है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों की ओर से बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देने तथा बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने की सलाह दी जा रही है। पटाखे जलाते समय खुले स्थान का चयन करने, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी रखने और पानी की व्यवस्था रखने की भी जरूरत है।