वाराणसी : अपार्टमेंट में भीषण आग, तीसरी से पांचवीं मंजिल तक पहुंचीं लपटें, महिला झुलसी, मची अफरातफरी
वाराणसी। चेतमणि चौराहे के पास जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें चौथी मंजिल के डक्ट के रास्ते पांचवीं मंजिल तक पहुंच गईं। आग और धुएं के कारण अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला का हाथ झुलस गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए बीएचयू अस्पताल भेजा गया।
शनिवार शाम करीब 5:25 बजे अपार्टमेंट के तीसरे तल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। घटना के समय फ्लैट के मकान मालिक वहां मौजूद नहीं थे। शुरुआती दौर में लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
आग की लपटें तीसरी मंजिल से चौथी मंजिल के डक्ट के रास्ते पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई थीं। इससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले परिवारों में भी दहशत फैल गई। इस दौरान एक महिला आग की चपेट में आकर झुलस गई। महिला के साथ उनका पुत्र और पुत्री भी मौजूद थे। घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी राहत एवं बचाव अभियान में लगाया गया। अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद अपार्टमेंट में स्थिति सामान्य करने और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फ्लैट में आग कैसे लगी और घटना में कितने का नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। इस घटना ने बहुमंजिला इमारतों में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास और सुरक्षा इंतजामों की पर्याप्तता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।