वाराणसी : रंजिश में किसान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गोली मारने का भी आरोप
वाराणसी। फुलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक किसान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने पहले मारपीट की और बाद में गोली भी मारी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं।
बरजी गांव निवासी 50 वर्षीय किसान भोथू यादव और गांव के ही नन्हेलाल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर तीन दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, जिसमें करीब 150 लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को भोथू यादव घर से ट्यूबवेल सेट पर गए थे। इसी दौरान आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गोली मारने का भी आरोप लगाया। गंभीर रूप से घायल भोथू यादव को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही अनीश यादव, धर्मराज यादव और सत्यनारायण पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।