वाराणसी : एक साल बाद भी निर्माण में प्रगति नहीं, नगर आयुक्त सख्त, फर्म को किया ब्लैकलिस्ट, गंदगी पर सफाई सुपरवाइजर पर कार्रवाई
वाराणसी। निर्माण कार्यों में सुस्ती और लापरवाही पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कंदवा क्षेत्र में ऋषि मांडवी जोन और कंचनपुर मियावाकी हॉर्टिकल्चर पार्क का निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त को कई खामियां मिलीं। एक वर्ष बीतने के बाद भी ऋषि मांडवी जोन के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता व रखरखाव में लापरवाही मिलने पर संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया। वहीं, कंदमेश्वर इंटर कॉलेज के पूर्वी पोखरे के पास लगातार गंदगी मिलने पर वार्ड नंबर 19 के सफाई सुपरवाइजर राजू वाल्मीकि के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई।
पार्क में गंदा पानी छोड़ने पर जताई नाराजगी
कंचनपुर मियावाकी पार्क के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाथवे के किनारे मिट्टी भराव, प्रवेश द्वार के पास हैज प्लांटेशन और बाउंड्री वॉल के पास छूटे पौधरोपण का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। तालाब का व्यवस्थित डिजाइन तैयार कर एस्टीमेट सहित प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल के ऊपर कंटीले तार लगाने और काशी की धार्मिक संस्कृति व वर्ली पेंटिंग से दीवारों को सजाने के निर्देश भी दिए।
पाथवे के किनारे पौधरोपण वाले हिस्से में ग्रिल लगाने तथा एसटीपी के पास पहले से बने भवन को तोड़कर नए सिरे से विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा। इस भवन को स्थानीय लोगों के लिए लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव मांगा गया।
जलनिकासी दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण में सामने आया कि तालाब के उत्तरी हिस्से में बाउंड्री वॉल से सटे कुछ भवनों के सीवर चैंबर और गंदे पानी की निकासी पार्क की ओर हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने जलकल विभाग को तत्काल निकासी बंद कराकर गंदे पानी की निकासी सड़क की ओर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा पार्क में कर्मकांड के लिए व्यवस्थित स्थल विकसित करने, जिम और बच्चों के खेल क्षेत्र के पास मिट्टी भराव कराने, एक अतिरिक्त ओपन जिम का प्रस्ताव तैयार करने तथा जरूरत के अनुसार सोलर लाइट लगवाने को कहा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण और विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयसीमा का भी पालन सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही और कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।