वाराणसी : शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो ई-रिक्शा चालक ने तेजाब पीकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया में शुक्रवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 65 वर्षीय विनोद शर्मा ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर कथित तौर पर तेजाब पी लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विनोद शर्मा हेलवरिया में भैरव गुप्ता के मकान में किराये पर रहते थे। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि उन्हें शराब पीने की लत थी। उनकी पत्नी मुन्नी देवी शराब की लत छुड़ाने के लिए उन्हें समझाती थीं और इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।
शराब पीने के लिए मांग रहे थे पैसे
शुक्रवार सुबह विनोद शर्मा ने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार करते हुए उन्हें शराब छोड़ने के लिए समझाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद विनोद घर से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद वह लड़खड़ाते हुए घर लौटे। उनकी हालत देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
परिजनों के अनुसार, विनोद के मुंह से झाग निकल रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने तेजाब पी लिया था। परिजन तत्काल उन्हें मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जैतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मंडलीय अस्पताल पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।