वाराणसी: तालाब में डूबने से वृद्ध की मौत, परिवार में मचा कोहराम

राजातालाब थाना क्षेत्र के बभनियाव गांव में शुक्रवार शाम 65 वर्षीय श्यामजी विश्वकर्मा की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के बभनियाव गांव में शुक्रवार शाम 65 वर्षीय श्यामजी विश्वकर्मा की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

श्यामजी विश्वकर्मा मूल रूप से बेलवरिया गांव के निवासी थे और इन दिनों अपनी बेटी के घर बभनियाव में रह रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वह गांव के पास स्थित तालाब पर हाथ-पैर धोने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई।

जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब किनारे उनके कपड़े पड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोज की, जहां कुछ देर बाद श्यामजी विश्वकर्मा का शव पानी में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।