वाराणसी : आठ माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, हंगामा

थाना क्षेत्र के कछवां रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आठ माह की गर्भवती महिला और गर्भ में पल रहे शिशु की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शिकायत मिलने पर जांच का आश्वासन दिया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
 

वाराणसी। थाना क्षेत्र के कछवां रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आठ माह की गर्भवती महिला और गर्भ में पल रहे शिशु की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शिकायत मिलने पर जांच का आश्वासन दिया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के पचेवरावा गांव निवासी पिंटू शर्मा की 25 वर्षीय पत्नी ज्योति शर्मा गर्भावस्था के दौरान अपने मायके कछवां क्षेत्र के बरैनी गांव में रह रही थीं। वह आठ माह की गर्भवती थीं। गुरुवार को तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें कछवां रोड स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला के शरीर में खून की कमी बताई और रक्त चढ़ाया गया। इसी बीच उसकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने अपनी लापरवाही छिपाने के उद्देश्य से महिला को एंबुलेंस से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल की एंबुलेंस महिला को छोड़कर वापस लौट आई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते हुए डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर सूचना पाकर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।

थानाध्यक्ष गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतका अपने पीछे डेढ़ वर्ष के एक मासूम बच्चे को छोड़ गई है, जिससे पूरे परिवार में शोक का माहौल है।