वाराणसी : बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने की कवायद, 20 अगस्त तक चलेगा संगठन सृजन अभियान

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए पार्टी ने संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी समन्वयक बी.एम. संदीप मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अभियान की कार्ययोजना और संगठन को मजबूत करने की रणनीति की जानकारी दी।
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए पार्टी ने संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी समन्वयक बी.एम. संदीप मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अभियान की कार्ययोजना और संगठन को मजबूत करने की रणनीति की जानकारी दी।

बी.एम. संदीप ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाना है। संगठन सृजन अभियान के तहत महानगर, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर पर संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन सृजन केवल पदों पर नियुक्तियां करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। इसके तहत वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी कार्यकर्ताओं, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, पार्षद दल, वार्ड अध्यक्षों और वार्ड प्रभारियों से संवाद किया जाएगा। जिला और महानगर कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों से भी संगठन की मजबूती को लेकर सुझाव लिए जाएंगे।

इसके अलावा विधानसभा, लोकसभा और नगर निकाय चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों तथा चुनाव के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के अनुभवों को भी संगठन सृजन में शामिल किया जाएगा। पार्टी का प्रयास है कि चुनावी अनुभव और जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता को जोड़कर प्रत्येक स्तर पर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाए।

20 अगस्त तक पूरा होगा अभियान
बी.एम. संदीप ने बताया कि 11 से 14 अगस्त तक महानगर कांग्रेस के संगठन सृजन का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त तक इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। 16 से 20 अगस्त के बीच जिला कांग्रेस के संगठन सृजन की प्रक्रिया पूरी होगी। इस दौरान जिले के मंडल, ब्लॉक और वार्ड स्तर की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा संगठन तैयार करना चाहती है जो केवल चुनाव के समय सक्रिय न हो, बल्कि लगातार जनता के बीच मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष के लिए तैयार किया जाएगा। प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही भी तय करने पर जोर रहेगा।

पत्रकार वार्ता का संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव बी.एम. संदीप, सलमान बशर, दयाशंकर पाण्डेय, लल्लन पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे और दुर्गाप्रसाद गुप्ता समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।