वाराणसी : रनवे पर जगह की कमी के चलते विमान को हवा में लगाने पड़े चक्कर, ईंधन कम होने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई लैंडिंग, 175 यात्रियों को परेशानी 

भुवनेश्वर से वाराणसी आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान को ईंधन कम होने के संकेत मिलने पर लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। विमान को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद उसमें ईंधन भरवाने के साथ तकनीकी जांच भी की गई। करीब 12 घंटे बाद विमान को वाराणसी के लिए रवाना किया गया। विमान में 175 यात्री सवार थे। सूत्रों की मानें तो रनवे पर जगह की कमी के चलते विमान को कई बार हवा में चक्कर काटने पड़े। इससे ईंधन कम हो गया। 
 

वाराणसी/लखनऊ। भुवनेश्वर से वाराणसी आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान को ईंधन कम होने के संकेत मिलने पर लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। विमान को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद उसमें ईंधन भरवाने के साथ तकनीकी जांच भी की गई। करीब 12 घंटे बाद विमान को वाराणसी के लिए रवाना किया गया। विमान में 175 यात्री सवार थे। सूत्रों की मानें तो रनवे पर जगह की कमी के चलते विमान को कई बार हवा में चक्कर काटने पड़े। इससे ईंधन कम हो गया। 

इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-2452 शुक्रवार शाम 6:50 बजे भुवनेश्वर से वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। इसका वाराणसी पहुंचने का निर्धारित समय रात 8:10 बजे था। वाराणसी पहुंचने से पहले पायलट-इन-कमांड ने ईंधन कम होने की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को दी। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट करने के निर्देश दिए गए।

रात करीब 9:10 बजे विमान अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। यहां ईंधन भरने के साथ विमान की तकनीकी जांच भी की गई। इसके बाद शनिवार सुबह 9:22 बजे विमान को वाराणसी के लिए रवाना किया गया। भुवनेश्वर से वाराणसी पहुंचने के बाद विमान को लैंडिंग के लिए रनवे खाली नहीं मिला था। इस कारण उसे हवा में कई चक्कर लगाने पड़े, जिससे ईंधन कम हो गया।