वाराणसी : ड्रोन से होगी नालों पर अतिक्रमण की निगरानी, अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई, मेयर ने दिए निर्देश  

आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के कई वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर नालों की स्थिति और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
 

वाराणसी। आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के कई वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर नालों की स्थिति और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 59 (रमरेपुर), वार्ड संख्या 56 (लालपुर मीरापुर बसही) और वार्ड संख्या 41 (अकथा) में जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आई। रमरेपुर स्थित काली मंदिर से भक्ति नगर रोड तक फैले नाले का निरीक्षण करते हुए पाया गया कि यह नाला शांतिपुरम कॉलोनी से होते हुए वरुणा नदी में गिरता है, लेकिन जगह-जगह गंदगी और अवरोध इसकी क्षमता को प्रभावित कर रहे हैं।

इसके बाद टीम अकथा वार्ड के नरोखर नाले पहुंची, जहां हालात और भी खराब मिले। नाला गंदगी से पटा हुआ था और उसके किनारों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाया गया। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए नालों की सटीक स्थिति और सीमांकन के लिए ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद अतिक्रमण हटाने और सफाई की प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

लालपुर मीरापुर बसही क्षेत्र के ऐढे ग्राम स्थित काजी हाउस के निरीक्षण में भी कई खामियां उजागर हुईं। यहां स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब पाई गई और पशुपालन व बाउंड्री निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आई। महापौर ने तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य बरसात के दौरान जल निकासी को सुचारु बनाए रखना है, ताकि शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि नालों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पार्षद अशोक मौर्य, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।