वाराणसी : ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत, केबिन काटकर निकाला गया शव

सेवापुरी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से केबिन काटकर चालक का शव बाहर निकाला गया।
 

वाराणसी। सेवापुरी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से केबिन काटकर चालक का शव बाहर निकाला गया।

जंसा थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 पर संजोई गांव के समीप मंगलवार की सुबह राजस्थान की ओर से आ रहे एक ट्रक की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन के भीतर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की सहायता से ट्रक का केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान मनीष गंगवार (35) निवासी बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मनीष ट्रक से माल पहुंचाने ओडिशा गया था और माल उतारकर वापस लौट रहा था। उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।